जालौन

विश्व पर्यावरण दिवस पर जालौन ने रचा हरियाली का नया अध्याय

 ‘एक पेड़-माँ के नाम’ अभियान में 10.37 लाख से अधिक पौधों का रोपण 

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामवासियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
वृक्षों को बताया भावी पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री की प्रेरणा तथा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित ‘एक पेड़-माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत जनपद जालौन में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
 सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व से भी सीधे जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़-माँ के नाम अभियान मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का अद्भुत संगम है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण कर इस जन अभियान को जनांदोलन बनाने का आह्वान किया। कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की चुनौती से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में सभी विकास खण्डों, नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया गया। अमृत सरोवरों, तालाबों, गौशालाओं, सड़कों, नदी एवं नहरों के किनारे तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 10 लाख 37 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही महत्वपूर्ण है तथा सभी संबंधित विभागों को पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विकास खण्ड डकोर के ग्राम मोहम्मदाबाद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, रेखा वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर पंचनद मार्ग पर एक सैकड़ा वृक्षों का रोपण
रामपुरा (जालौन)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकासखंड रामपुरा के जगम्मनपुर से पंचनद संगम मार्ग को हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में वन विभाग द्वारा विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे लगभग एक सैकड़ा (100) छायादार एवं उपयोगी वृक्ष लगाए गए। साथ ही उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पौधे को ट्री गार्ड लगाकर संरक्षित किया गया।
जगम्मनपुर से पंचनद संगम तक जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से पर्याप्त वृक्ष न होने के कारण पैदल यात्रियों एवं राहगीरों को भीषण गर्मी और धूप का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने इस क्षेत्र को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया है। वृक्षारोपण अभियान के तहत पीपल, बरगद, पाकड़, आम, शीशम, अर्जुन और अशोक सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ब्लॉक प्रमुख रामपुरा अजीत सिंह सेंगर ने वृक्षों को मानव जीवन का आधार बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। वन क्षेत्राधिकारी रंजीत सिंह रेंजर (बंगरा) ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की सड़क के किनारे बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान और वायु प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए वृक्ष सबसे प्रभावी माध्यम हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार विजय द्विवेदी ने हरीशंकरी (पीपल, बरगद एवं पाकड़) त्रिदेव वृक्ष को गोद लेकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष रामपुरा संतोष प्रजापति, अनिरुद्ध सिंह सेंगर, पंडित हर्ष शर्मा, कुलदीप जाटव, शानू खान, महेंद्र गौतम, दीपू सिंह राठौड़, मनीष सेंगर, रामकिशोर राजपूत, निक्की सेंगर, मुनेंद्र महाराज, अक्कू पहलवान, बबलू सिद्धपुरा, नवम भदौरिया सहित वन दरोगा काशी प्रसाद, वनरक्षक शिवम बैद, धनीराम पाल, ज्ञान सिंह, कुलदीप एवं अनेक वनकर्मी तथा क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण का संदेश दिया।
सीएमओ के नेतृत्व में वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
उरई। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिनंदन प्रसाद के नेतृत्व में सीएमओ परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुराने पेंशनर्स, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रेम प्रताप सिंह, डॉ. धर्मेंद्र समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया।
कार्यक्रम के उपरांत सीएमओ डॉ. हरिनंदन प्रसाद ने अपने कक्ष में मीडिया से बातचीत करते हुए जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की बात कही। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए जनपद में संचालित 8 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों  और 35 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों  की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि कालपी, माधौगढ़, कोंच, जालौन, छिरिया, कुठौंद एवं पिंडारी सहित विभिन्न विकास खंडों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया गया है, जिससे ग्रामीण जनता को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। सीएमओ ने यह भी कहा कि हाल ही में जनपद में लैब टेक्नीशियनों की तैनाती की गई है, जिससे जांच सेवाओं में सुधार हुआ है और मरीजों को समय पर रिपोर्ट मिल रही है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार रखें और उन्हें सम्मानपूर्वक एवं संवेदनशीलता के साथ चिकित्सा सेवाएं प्रदान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, जिससे किसी भी मरीज को उपचार के लिए परेशान न होना पड़े।
पर्यावरण दिवस पर अनुरागिनी संस्था ने यमुना तट पर किया पौधारोपण
कालपी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अनुरागिनी संस्था एवं जिला गंगा समिति, जालौन के संयुक्त तत्वावधान में कालपी स्थित यमुना नदी के तट पर स्थित पथिक आश्रम परिसर में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यमुना तट के आसपास विभिन्न छायादार एवं धार्मिक महत्व वाले पौधों का रोपण किया गया। लगाए गए पौधों में पाखड़, बरगद, पीपल एवं बेलपत्र प्रमुख रहे। उपस्थित अतिथियों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने पौधारोपण कर इनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। भाजपा नगराध्यक्ष सुबोध द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन के कारण पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। वन विभाग के कालपी रेंज  के वन दरोगा महेंद्र सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम में कालपी रेंज वन विभाग के नागेंद्र सिंह, एवं सुबोध द्विवेदी, सौरभ शर्मा एवं कमल सोनी उपस्थित रहे। वहीं अनुरागिनी संस्था की ओर से शेखर गोयल, अभिषेक परिहार, नित्यम साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिकों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने सहभागिता की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button