
कस्तूरबा विद्यालय 25 जून तक हैंडओवर करने और 15 दिन में घर-घर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। झांसी मंडल के मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने शनिवार को एक दिवसीय दौरे के दौरान विभिन्न सरकारी परियोजनाओं एवं संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा में परियोजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत दैलवारा स्थित नवनिर्मित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय भवन से हुई। मण्डलायुक्त ने छात्रावास के कक्षों, छात्राओं के रहने के कमरों, रसोईघर, शौचालय एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खिड़कियों, दरवाजों, नलों तथा सीढय़िों से संबंधित कुछ कमियां सामने आईं, जिन्हें तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को आगामी 25 जून तक भवन संबंधित विभाग को हैंडओवर करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने दैलवारा स्थित गेहूं क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया और किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बोरों की कमी के कारण उठान में आ रही दिक्कतों से अवगत कराया। इस पर मण्डलायुक्त ने केन्द्र प्रभारी को तत्काल पर्याप्त बोरों की व्यवस्था कराने तथा किसानों के लिए पेयजल एवं छायादार स्थान जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मण्डलायुक्त ने राजकीय बाल गृह (बालक), दैलवारा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा, चिकित्सा, खानपान, खेलकूद एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, योग एवं व्यायाम की व्यवस्था तथा सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों को सुचारु रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बाल गृह की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। आयुष चिकित्सालय के निरीक्षण में उन्होंने चिकित्सकों की उपस्थिति, ओपीडी रजिस्टर एवं दवा स्टॉक का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि चिकित्सक नियमित रूप से उपस्थित रहकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। दौरे के अंतिम चरण में मण्डलायुक्त ने इलाइट चौराहा स्थित अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत निर्मित जलाशय का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से लगभग दो हजार घरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 15 दिनों के भीतर सभी लक्षित घरों में जलापूर्ति शुरू कराई जाए, जिससे नागरिकों को स्वच्छ पेयजल का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान सीडीओ शेषनाथ चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



