
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना : थाना झिंझाना पुलिस ने ग्राम वेदखेड़ी स्थित शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नगदी, पेन ड्राइव तथा एक अवैध छुरा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 9/10 जून 2026 की रात ग्राम वेदखेड़ी स्थित शिव मंदिर की अलमारी का ताला तोड़कर नकदी और पेन ड्राइव चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में मंदिर से जुड़े सतीश पुत्र लखीराम निवासी वेदखेड़ी की तहरीर पर थाना झिंझाना में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान थाना झिंझाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कैराना के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी निखिल पुत्र सोहनलाल निवासी ग्राम वेदखेड़ी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 2400 रुपये की नगदी, एक पेन ड्राइव तथा एक अवैध छुरा बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवबहादुर सिंह तथा हेड कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।
थाना प्रभारी वीरेन्द्र कसाना ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।