जालौन
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा मजदूरों से भरा ट्रक पलटा, 13 घायल, कई की हालत गंभीर
अलीगढ़ से महोबा लौट रहे श्रमिक परिवार दुर्घटना का शिकार
गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज उरई रेफर
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन (उरई)। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें मजदूरों और उनके परिवारों से भरा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 13 लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार अलीगढ़ से महोबा जनपद लौट रहे ईंट भट्टों पर कार्यरत श्रमिक और उनके परिवार ट्रक में सवार थे। सुबह करीब 8.15 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 208 तथा ग्राम छिरिया सलेमपुर के समीप ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही जालौन पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस तथा स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल परदेशी (6 वर्ष), ज्ञानवती (50 वर्ष), मायावती (40 वर्ष), पप्पू (40 वर्ष), अमर सिंह (35 वर्ष), रामगोपाल (40 वर्ष), प्रेमशंकर (40 वर्ष) तथा धर्मवीर (30 वर्ष) सहित कई लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार सीएचसी जालौन में किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक में महोबा जनपद के पहाड़ी बसेला गांव सहित अन्य क्षेत्रों के श्रमिक परिवार सवार थे। दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से सभी घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराया जा सका, जिससे किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।


