ललितपुर

उद्यमी समागम में गूंजी उद्योगों की समस्याएं

प्रभारी मंत्री ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

चंदेरा औद्योगिक आस्थान में आयोजित कार्यक्रम में 3950 करोड़ के निवेश से रोजगार और विकास की संभावनाओं पर हुई चर्चा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले के भ्रमण पर आए प्रभारी मंत्री मोहम्मद दानिश आजाद अंसारी ने चंदेरा स्थित गढ़ औद्योगिक आस्थान में आयोजित उद्यमी समागम में भाग लिया। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी, सीडीओ, उपायुक्त उद्योग तथा बड़ी संख्या में उद्यमियों की उपस्थिति रही। इस दौरान उद्यमियों ने अपने व्यवसाय एवं उद्योग संचालन में आ रही विभिन्न समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। उद्यमियों ने विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में हो रही कटौती तथा नए औद्योगिक आस्थान बीघाखेत के विकास कार्यों में हो रही देरी की समस्या प्रमुखता से उठाई। समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बिजली आपूर्ति के मुद्दे पर मंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध एवं सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उद्योगों की उत्पादन क्षमता बनाए रखने और निवेश को बढ़ावा देने के लिए गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है। उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए ताकि औद्योगिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। बैठक में जनपद में हो रहे लगभग 3950 करोड़ रुपये के निवेश पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि यह निवेश ललितपुर को औद्योगिक विकास के नए आयाम प्रदान करेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। साथ ही जिले में नए उद्योगों की स्थापना की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उद्यमी समागम में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। बताया गया कि ललितपुर में कृषि आधारित कच्चा माल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने के कारण फूड प्रोसेसिंग उद्योगों के विकास की संभावनाएं अत्यधिक हैं। इससे कृषि और उद्योग दोनों क्षेत्रों को लाभ मिलेगा तथा किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। अंत में प्रभारी मंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार उद्योगों के विकास और निवेशकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ औद्योगिक आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ललितपुर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक जिलों में अपनी पहचान बना सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button