सहयोगिनी द्वारा किशोरी लीडर्स इंटरफेस बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। बोकारो जिले की अग्रणी स्वयं सेवी संस्था सहयोगिनी सभागार, बहादुरपुर में “बाल विवाह के खिलाफ अभियान” के तहत किशोरी लीडर्स इंटरफेस बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गर्री पोंडा एवं सोनपुरा पंचायत की किशोरी लीडर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में नेतृत्व क्षमता का विकास करना, बाल विवाह की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समुदाय स्तर पर उनकी सक्रिय भूमिका को सशक्त बनाना था। बैठक के दौरान प्रतिभागियों को तीन समूहों में चर्चा के माध्यम से बाल विवाह के कारण, इसके दुष्परिणाम, रोकथाम के उपाय, नेतृत्व क्षमता विकास तथा समुदाय में किशोरियों की भूमिका जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
चर्चा के उपरांत सभी समूहों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने समूह की बातों, अनुभवों एवं सुझावों को सभी प्रतिभागियों के समक्ष प्रस्तुत किया। किशोरियों ने कहा कि शिक्षा, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने अपने-अपने गांवों में जागरूकता अभियान चलाने और अन्य किशोरियों को भी इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।
बैठक में बोकारो जिला का एक्सपोजर विजिट को लेकर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि विभिन्न क्षेत्रों के सफल प्रयासों और अनुभवों से सीखकर वे अपने समुदाय में बेहतर नेतृत्व प्रदान कर सकती हैं तथा सामाजिक बदलाव की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा सकती हैं।
इस अवसर पर सहयोगिनी की सचिव कल्याणी सागर ने कहा कि संस्था पिछले सात वर्षों से 11 गांवों में किशोरियों के साथ नेतृत्व क्षमता विकास, शिक्षा, बाल अधिकार, लैंगिक समानता तथा बाल विवाह रोकथाम जैसे मुद्दों पर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किशोरियों को नेतृत्व के अवसर प्रदान कर उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण, किशोरियों की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा समुदाय में नेतृत्व की भूमिका को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस मौके पर कुमारी किरण, मंजू देवी, प्रकाश कुमार महतो, गौतम सागर, नीतू, रेखा देवी, अभय कुमारी सिंह, तनु कुमारी, अंजली कुमारी, रुमा कुमारी, दिव्या कुमारी, सोनम कुमारी, सोनिया कुमारी, संध्या कुमारी, पूजा कुमारी, राखी कुमारी, नीतू कुमारी, अंजू कुमारी, लक्ष्मी, भूमी झा, श्रेया साहनी, विजय झा सहित बड़ी संख्या में किशोरी लीडर्स एवं समुदाय के सदस्य उपस्थित थे।




