ललितपुर
केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर ग्राम प्रधान सम्मेलन आयोजित
राज्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

पंचायतों को विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
ललितपुर। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कल्याण सिंह सभागार में संवाद एवं सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ग्राम प्रधान एवं प्रशासक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीण विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और पंचायतों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। इस दौरान राज्यमंत्री मनोहरलाल, विधायक रामरतन कुशवाहा, पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण, आयुक्त झांसी मंडल बिमल कुमार दुबे, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं प्रशासक उपस्थित रहे। शुभारंभ डीपीआरओ कुंवरसिंह यादव द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ किया गया। इस दौरान राज्यमंत्री, विधायक एवं पंचायत अध्यक्ष ने केन्द्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्राम प्रधानों को ग्रामीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि आयुक्त झांसी मंडल बिमल कुमार दुबे ने कहा कि प्रदेश और देश के विकास में ग्राम पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से ग्रामीणों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने, शिकायत पेटिका की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शासन की योजनाओं को पारदर्शी ढंग से धरातल पर उतारने का आह्वान किया। उन्होंने पंचायतों को विभिन्न पुरस्कार योजनाओं में भाग लेने और अपने उत्कृष्ट कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए भी प्रेरित किया। दौरान मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। विकासखंड मड़ावरा की ग्राम पंचायत नाराहट को प्रथम, बिरधा की ग्राम पंचायत रमेशरा को द्वितीय, महरौनी की ग्राम पंचायत गुढ़ा को तृतीय, जखौरा की ग्राम पंचायत पंचमपुर को चतुर्थ तथा मड़ावरा की ग्राम पंचायत इमलियाकलां को पंचम स्थान का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा विकासखंड तालबेहट की ग्राम पंचायत कडेसराकलां, जखौरा की ग्राम पंचायत हर्षपुर एवं ग्राम पंचायत रोंड़ा के पंचायत सहायकों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं सामुदायिक शौचालय केयरटेकर जमनाबाई (ग्राम पंचायत बिरारी, बिरधा) तथा अनीता झां (ग्राम पंचायत बार) को भी उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण और हरित ग्राम पंचायतों के निर्माण के उद्देश्य से सभी निवर्तमान ग्राम प्रधानों एवं प्रशासकों को सहजन के पौधे वितरित किए गए तथा ग्रामीण विकास, जनभागीदारी और सुशासन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर सीडीओ शेषनाथ चौहान, एडी पंचायत झांसी मंडल, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार, डीडीओ, सीएमओ, सीवीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की टीम तथा जनपद के ग्राम प्रधान एवं प्रशासक उपस्थित रहे।



