हापुड़ में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर
प्राधिकरण न ने 36,500 वर्गमीटर क्षेत्र में की ध्वस्तीकरण कार्यवाही...

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
हापुड़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप अवैध निर्माण और भूमाफियाओं के खिलाफ हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने हापुड़ विकास क्षेत्र में चार स्थानों पर चल रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया है ।
हापुड पिलखुवा विकास प्राधिकरण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र में पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। इस दौरान ग्राम गोयना, मेवीनगर रोड और श्याम नगर मार्ग के आसपास बिना मानचित्र स्वीकृति के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के तहत ग्राम गोयना में 2500 वर्गमीटर क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लाटिंग, मेवीनगर रोड स्थित क्षेत्र में 8000 वर्गमीटर, ग्राम गोयना अब्दुल्लापुर बसंत क्षेत्र में 16000 वर्गमीटर तथा श्याम नगर मार्ग के पास 10000 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। कुल मिलाकर करीब 36,500 वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध विकास कार्यों पर कार्रवाई की गई।
एचपीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी भूखंड या कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधता और प्राधिकरण से स्वीकृति की जांच अवश्य कर लें। अवैध निर्माण या विकास कार्यों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई के लिए संबंधित व्यक्ति स्वयं जिम्मेदार होगा।
इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है। HPDA ने साफ संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी ऐसे अवैध विकास कार्यों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




