जालौन

कीरतपुर मार्ग की जर्जर सड़क मामले में प्रशासन हुआ सक्रिय

डीएम ने गठित कर मौके पर तीन सदस्यीय जांच टीम भेज मांगी रिपोर्ट 

सड़क की दुर्दशा पर प्रशासन गंभीर, समाधान दिवस में शिकायत के बाद जांच के आदेश
प्रधान पवनदीप निषाद की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, जर्जर सड़क मामले में अधिकारियों से मांगी गई आख्या
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। ग्राम पंचायत कीरतपुर के प्रधान पवनदीप निषाद द्वारा संपूर्ण समाधान दिवस में कालपी-मंगरोल संपर्क मार्ग की जर्जर एवं गड्ढायुक्त स्थिति को लेकर दिए गए शिकायती पत्र पर जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया है। शिकायत में सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, किसानों तथा राहगीरों को हो रही गंभीर परेशानियों और दुर्घटना की आशंका को प्रमुखता से उठाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संपूर्ण समाधान दिवस प्रभारी जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया। साथ ही संबंधित विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) को मौके पर भेजकर शिकायत का सत्यापन कराने तथा विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत में बताया गया था कि कालपी-मंगरोल संपर्क मार्ग से कीरतपुर को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। विशेष रूप से गांव के तालाब के निकट सड़क की स्थिति अत्यंत खराब बताई गई है, जहां कई स्कूली बच्चे चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रधान पवनदीप निषाद ने शिकायत पत्र में सड़क के पुनर्निर्माण, विभागीय लापरवाही की जांच, स्वीकृत बजट और कार्ययोजना की जानकारी तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि सड़क की खराब स्थिति के कारण कोई बड़ी दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और अधिकारियों की होगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित जांच टीम अब मौके पर पहुंचकर सड़क की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागीय अभिलेखों की जांच कर अपनी रिपोर्ट डीएम राजेश कुमार पाण्डेय को सौंपेगी। प्रशासनिक कार्रवाई से क्षेत्र के ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि वर्षों पुरानी समस्या का जल्द समाधान होगा और सड़क के पुनर्निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी द्वारा त्वरित संज्ञान लेने और जांच के आदेश जारी करने का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई कर सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button