ललितपुर
तकनीक और एआई के युग में बच्चों को बनाना होगा ज्ञानवान और संस्कारवान
पं.रुद्र नारायण त्रिवेणी शर्मा मेमोरियल हाई स्कूल खड़ोवरा में शिक्षक- अभिभावक मिलन समारोह का आयोजन शिक्षा, तकनीक, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण पर हुआ मंथन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पं.रुद्र नारायण त्रिवेणी शर्मा मेमोरियल हाई स्कूल, खड़ोवरा में शिक्षक- अभिभावक मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, तकनीकी शिक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और नैतिक मूल्यों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। समारोह में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक एवं क्षेत्र के शिक्षाविदों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में जूनियर हाई स्कूल रजवारा के प्रधानाध्यापक आशीष मिश्रा, जूनियर हाई स्कूल बरखिरिया के प्रधानाध्यापक अनूप सैनी तथा जूनियर हाई स्कूल धोवनखेरी के प्रधानाध्यापक अभिषेक चौरसिया शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधक पं.सुनील शर्मा ने की, जबकि संचालन एवं व्यवस्थापन की जिम्मेदारी प्रधानाचार्य आशीष दीक्षित ने निभाई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए.आई.) का युग है। बच्चों में नई तकनीकों को लेकर समझ और जिज्ञासा तेजी से विकसित हो रही है। ऐसे समय में विद्यार्थियों को केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित न रखते हुए आधुनिक तकनीकी ज्ञान से भी जोडऩा आवश्यक है, ताकि वह भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकें। वक्ताओं ने कहा कि आज प्रतियोगिता का स्तर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩा होगा। विद्यालय में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला तथा व्यायामशाला जैसी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों का बौद्धिक एवं शारीरिक विकास समान रूप से हो सके। कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन और विचारों का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि गांधीजी ने बिना किसी अस्त्र-शस्त्र के सत्य और अहिंसा के बल पर देश को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रप्रेम के मूल्यों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल आर्थिक रूप से समृद्ध होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह समाज और राष्ट्र के विकास में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। समाज में सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से करनी चाहिए। यदि प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे तो राष्ट्र की प्रगति और अधिक तेजी से संभव हो सकेगी। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य आशीष दीक्षित, शिक्षक राहुल पटैरिया, रामजू यादव, धूपसिंह राजपूत, मुरारी झा, संजय राजा, आकांक्षा राजा, अंजलि राजा एवं दीक्षा रजक सहित पत्रकार अमित लखेरा व देवेन्द्र साहू समेत अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।
