ललितपुर

तीन साल बाद मुख्यमंत्री का जनपद आगमन आज

विकास परियोजनाओं की दे सकते हैं बड़ी सौगात

तुवन मंदिर मैदान में जनसभा, करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपने संभावित बुंदेलखंड दौरे के तहत ललितपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री का जिले में लगभग ढाई घंटे का प्रवास संभावित है। इस दौरान वह जनसभा को संबोधित करने के साथ-साथ जिले के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर सकते हैं। मुख्यमंत्री आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह लगभग 11.30 बजे ललितपुर के ऐतिहासिक तुवन मंदिर मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के दौरान वह सदर विधानसभा एवं महरौनी विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से जिले के बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं में महत्वपूर्ण सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है और प्रशासन कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटा हुआ है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों की स्थिति तथा जिले की कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थलों सहित प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण दौरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ललितपुर में उनका लगभग तीन वर्ष बाद आगमन हो रहा है। आगामी विधानसभा चुनावों की पृष्ठभूमि में बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए यह दौरा विशेष महत्व रखता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम क्षेत्र में विकास और संगठनात्मक मजबूती दोनों दृष्टियों से अहम साबित हो सकता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button