गोमिया में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम, लोगो मे दिखा खासा उत्साह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गोमिया प्रखंड क्षेत्र के आईईएल स्थित फुटबॉल मैदान में रविवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो के नेतृत्व में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान प्रखंड के सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में योग को लेकर खासा उत्साह देखा गया। प्रशिक्षकों द्वारा लोगो को ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, भुजंगासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं प्राणायाम सहित अन्य तरह का योगाभ्यास कराया गया। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री महतो ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग हमारी प्राचीन संस्कृति की अनमोल देन है,और योग हमें याद दिलाती है कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। सभी को इसे दिनचर्या में अपनाना चाहिए।
वहीं गोमिया प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में भी 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत क्षेत्र के उच्च विद्यालय होसिर, प्लस टू विद्यालय, गोमिया सहित विभिन्न विद्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, भुजंगासन और प्राणायाम सहित अन्य तरह के योगाभ्यास किए। इस संबंध में उच्च विद्यालय होसिर के सचिव सुजीत प्रसाद एवं प्रधानाध्यापक ललन प्रसाद ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि तन, मन और आत्मा का त्रिवेणी संगम है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलता है। मौके पर होसिर पूर्वी पंचायत की मुखिया सावित्री देवी, पंसस गीता देवी, पूर्व मुखिया रामलखन प्रसाद, समाजसेवी भगवानदास राम, अजित सहाय, विद्यालय के शिक्षक दानवीर राम,हसमत अंसारी, विनोद महतो,पंचमलाल यादव, हारून अंसारी, शिक्षिका आरती प्रसाद, रूबी कुमारी निकिता कुमारी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।




