ललितपुर
भीषण गर्मी में राहत,1.74 लाख लोगों तक पहुंचा पेयजल, 591 खराब हैंडपम्प हुए दुरुस्त
जल संकट से निपटने के लिए प्रशासन और जल संस्थान की मुहिम तेज

59 टैंकर ट्रिप से भी हुई मुफ्त जलापूर्ति
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। भीषण गर्मी और लगातार गिरते भूजल स्तर के बीच जनपद में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और जल संस्थान युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं। जिलाधिकारी के निर्देशन एवं जल संस्थान के अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में नगर के विभिन्न वार्डों और जल संकट प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। कलेक्ट्रेट स्थित आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के माध्यम से आमजन से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है। प्राप्त प्रतिक्रियाओं के अनुसार पहले की तुलना में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को गर्मी के इस कठिन दौर में राहत मिल रही है। जल संस्थान द्वारा नगर पालिका परिषद के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 46 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) पानी की आपूर्ति की गई, जिससे करीब 1.74 लाख लोगों को लाभ मिला। विभागीय आंकड़ों के अनुसार नगर के 26 वार्डों में पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से 45 एमएलडी पानी पहुंचाया गया। इसके अतिरिक्त सात नलकूपों और दो खुले कुओं के माध्यम से एक एमएलडी अतिरिक्त जलापूर्ति कर लगभग पांच हजार लोगों तक पानी पहुंचाया गया। जल संकट से प्रभावित और पाइपलाइन विहीन बस्तियों में जल संस्थान द्वारा मुफ्त टैंकर सेवा संचालित की गई। विभाग ने कुल 59 टैंकर ट्रिप लगाकर लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया। सबसे अधिक टैंकर ट्रिप खिरकापुरा एवं कांशीराम कॉलोनी क्षेत्र में लगाए गए, जहां 8 ट्रिप किए गए। इसके अलावा विष्णुपुरा, सिविल लाइन, गांधीनगर और आजादपुरा सहित कई क्षेत्रों में नियमित रूप से टैंकर भेजे गए। विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों और जलापूर्ति से वंचित बस्तियों को प्राथमिकता देते हुए पानी उपलब्ध कराया। नगर पालिका परिषद द्वारा उपलब्ध कराई गई 196 खराब हैंडपम्पों की सूची तथा कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों के आधार पर जल संस्थान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 591 खराब हैंडपम्पों को दुरुस्त कर दिया है। वर्तमान में जनपद में 1224 हैंडपम्प पूरी तरह क्रियाशील हैं। शेष खराब हैंडपम्पों की मरम्मत का कार्य भी तेजी से जारी है ताकि किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न न होने पाए। जनता की पेयजल संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए कलेक्ट्रेट स्थित जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष) में 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि पेयजल संबंधी किसी भी समस्या की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दें, जिससे समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन का कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान जिले के प्रत्येक नागरिक तक पर्याप्त पेयजल पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधित विभाग लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।



