जालौन

 पृथ्वीपुर गाँव में ट्यूबवेल पर सो रहे वृद्ध किसान की निर्मम हत्या

 सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उतारा मौत के घाट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोहन(जालौन)-जनपद जालौन के गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुरा में एक वृद्ध किसान की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खेत पर बने ट्यूबवेल पर सो रहे 75 वर्षीय किसान की अज्ञात हमलावरों ने सिर और चेहरे पर लकड़ी के खंभों से कई वार कर हत्या कर दी। घटना की जानकारी सुबह होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। ग्राम पृथ्वीपुरा निवासी गिरिजाशंकर तिवारी (75) लंबे समय से अपने खेत पर बने ट्यूबवेल पर रात में सोते थे। रोज की तरह रविवार रात भी वह खेत पर ही सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने लकड़ी के खंभों से उनके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सुबह जब ग्रामीण और परिजन खेत की ओर पहुंचे तो गिरिजाशंकर तिवारी का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद गोहन थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में एक पुत्र राकेश तिवारी और एक विवाहित पुत्री हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार गिरिजाशंकर तिवारी शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और अधिकांश समय खेती-किसानी में ही व्यतीत करते थे। उनकी किसी से रंजिश की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। ऐसे में हत्या के पीछे का कारण अभी रहस्य बना हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ ईशान सोनी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है ताकि हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button