बरेली
बरेली में गंगा दशहरा पर रामगंगा घाट पर आस्था का महासैलाब
हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, एसपी सिटी ने संभाली कमान

हर-हर गंगे के नारों से गूंजा रामगंगा तट
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : गंगा दशहरा के पावन पर्व पर बुधवार को बरेली के रामगंगा घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। ज्येष्ठ माह की शुक्ल पक्ष दशमी पर हजारों श्रद्धालु सुबह से ही घाट पर पहुंच गए और रामगंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य कमाया। देर शाम तक घाट पर भक्तों का तांता लगा रहा।
स्नान के बाद दान-पुण्य का दौर
श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद दान-दक्षिणा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाट का माहौल पूरी तरह धार्मिक हो गया था। प्रसाद, पूजन सामग्री, चाट-पकौड़ी और बच्चों के खिलौनों की दुकानों पर भारी भीड़ रही। मेले जैसा नजारा देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में गंगा दशहरा को लेकर खास उत्साह दिखा। दशमी के बाद एकादशी की शुरुआत पंचांग के मुताबिक दशमी तिथि शाम 6 बजकर 12 मिनट तक थी। इसके बाद एकादशी शुरू हो गई। मान्यता है कि गंगा दशहरा पर स्नान-दान से पापों का नाश होता है। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में लोग रामगंगा घाट पहुंचे। घाट की परंपरा के अनुसार बिजेंद्र महाराज, शिवकुमार महाराज, राजकुमार महाराज उर्फ नागा बाबा, जसवीर महाराज समेत कई ब्राह्मणों ने श्रद्धालुओं को विधि-विधान से पूजा कराई और आशीर्वाद दिया।
सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। एसपी सिटी मानुष पारीक खुद रामगंगा घाट पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।




