मुहर्रम को लेकर पाकुड़ पुलिस अलर्ट, सुरक्षा के लिए 15 क्यूआरटी तैनात
Pakur police on alert for Muharram; 15 QRTs deployed for security.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पाकुड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विधि- व्यवस्था एवं सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी मस्जिदों, मुहर्रम जुलूस मार्गों, संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर व्यापक रूप से पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की तैनाती की गई है। पाकुड़ पुलिस द्वारा किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए जिले के सभी थानों में कुल 15 क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) को सुरक्षा एवं दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ तैयार स्थिति में रखा गया है। क्यूआरटी जवानों को हेलमेट, लाठी, बॉडी प्रोटेक्टर, टीजी गन सहित आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा सभी क्यूआरटी टीमों एवं विधि-व्यवस्था ड्यूटी में प्रतिनियुक्त जवानों, गृह रक्षकों एवं चौकीदारों को विशेष ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। टीमों को निर्धारित स्थानों पर मुस्तैदी से रहने तथा प्रत्येक दो घंटे में अपनी स्थिति की रिपोर्ट एवं फोटो साझा करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्यूआरटी टीमों का संचालन संबंधित थाना प्रभारी के निर्देश एवं अनुमति के अनुसार ही किया जाएगा। सभी प्रभारी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा पाकुड़ पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों एवं सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने आम लोगों से शांति, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मुहर्रम पर्व मनाने की अपील की है।


