बरेली
जिलाधिकारी के प्रयास से गंभीर मरीज को मिलेगी निःशुल्क उपचार की सहायता
मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहयोग हेतु भी भेजा गया पत्र

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने आर्थिक रूप से कमजोर मरीज की मदद हेतु करी त्वरित कार्यवाही
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के समक्ष आज जनसुनवाई के दौरान एक आर्थिक रूप से कमजोर एवं गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीज मदद की आशा लेकर मिला, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा उसे निशुल्क उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संवेदनशील पहल की गई है।
जनपद के विकासखंड भुता क्षेत्र के ग्राम दौली रघुवर दयाल निवासी राजाराम, जो किडनी एवं लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं ,जिनका उपचार एस आर एम एस भोजीपुरा,बरेली में चल रहा है । परिवार द्वारा आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण जिलाधिकारी के समक्ष उपचार में मदद हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया ,जिसका जिलाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने के लिए शासन को संस्तुति सहित पत्र प्रेषित किया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीज को किसी भी प्रकार की चिकित्सीय असुविधा न होने पाए तथा आवश्यक उपचार तत्काल उपलब्ध कराया जाए। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से वार्ता कर जिला अस्पताल में मरीज के इलाज के लिए व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए , इसके साथ ही उनके द्वारा एस आर एम एस के सम्बन्धित अधिकारी से भी मरीज को इलाज में आर्थिक राहत देने के लिए वार्ता की गई,जिससे मरीज को बिना किसी आर्थिक बोझ के आवश्यक उपचार मिल सकेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही भी प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है, ताकि गंभीर बीमारी से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।



