ललितपुर
कैंसर पीडि़त ससुर की जमीन को लेकर विवाद, दामाद पर धारदार हथियार से हमला
घर में घुसकर मारपीट का आरोप, विरोध करने पर उंगली कटी, तीन नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम मैलवारा खुर्द में जमीन विवाद को लेकर एक युवक पर घर में घुसकर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक घायल हो गया। पीड़ित का आरोप है कि कैंसर पीड़ित ससुर की जमीन पर कब्जा कर खेती करने की नीयत से आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम सतरवांस निवासी एवं वर्तमान में मैलवारा खुर्द में रह रहे सूर्य प्रताप सिंह पुत्र भरत सिंह ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि रविवार 28 जून की दोपहर करीब चार बजे वह अपने घर पर मौजूद थे। तभी गांव के माधव सिंह पुत्र सुम्मेर सिंह, बंटी राजा पुत्र माधव सिंह तथा केपी पुत्र माधव सिंह लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर जबरन उनके घर में घुस आए। आरोप है कि तीनों ने धमकाते हुए कहा कि अब संबंधित जमीन पर खेती वही करेंगे। इस पर सूर्य प्रताप ने विरोध करते हुए बताया कि उनके ससुर कल्याण सिंह कैंसर से पीड़ित हैं और उनका कोई पुत्र नहीं है। ऐसे में वह दामाद होने के नाते उनकी जमीन की देखभाल और खेती कर रहे हैं। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार से उनकी गर्दन पर वार किया। जान बचाने के प्रयास में उन्होंने हाथ आगे कर दिया, जिससे हाथ की उंगली कट गई। हमले में उनके सिर और हाथ में भी चोटें आईं। शोर सुनकर पड़ोसी भूपेंद्र सिंह तथा कल्याण सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकले। आरोप है कि जाते समय उन्होंने दोबारा खेत पर जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घायल सूर्य प्रताप का उपचार कराने के बाद उन्होंने अगले दिन कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर माधव सिंह, बंटी राजा और केपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2) एवं 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज की है।


