दिल्ली लखनऊ हाईवे 9 किनारे ढाबे पर युवक की पीट- पीटकर हत्या ..
बस में सवार बिजनौर से दिल्ली जा रहे युवक को होटल में आकर कार सवार युवकों ने बेरहमी से पीटा , युवक की हुई मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
हत्या कर युवक हुए फरार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीम गठित…
हापुड (यूपी) – : हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे- NH 9 पर रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है । गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र स्थित बिस्मिल्लाह होटल (ढाबा) के बाहर बिजनौर निवासी मोहसिन की कार सवार अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया । गंभीर रूप से घायल युवक मोहसिन की मेरठ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई ।
जानकारी के मुताबिक, मोहसिन बिजनौर से बस में सवार होकर दिल्ली जा रहा था। रास्ते में वह खाना खाने के लिए गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र स्थित बिस्मिल्लाह होटल पर बस से उतरा। इसी दौरान बिजनौर से कार द्वारा बस का पीछा कर पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने ढाबे पर मोहसिन को घेर लिया और धारदार हथियारों व लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया । वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए । घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल मोहसिन को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई ।
सूचना मिलते ही गढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह बिजनौर में जमीनी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
गढ़मुक्तेश्वर के सी ओ राहुल यादव ने मीडिया सैल के माध्यम से बताया कि , दिल्ली जा रही एक बस में सवार चालक व यात्रीगण थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्रान्तर्गत सरुरपुर स्थित न्यू बिस्मिल्लाह ढ़ाबा पर खाना खाने के लिए रुके थे , पीछे से आ रहे कार सवार कुछ युवकों ने एक यात्री के साथ मारपीट की है । स्थानीय पुलिस द्वारा तत्समय घटनास्थल पर पहुंचकर युवक को उपचार हेतु अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां से मेरठ मेडीकल कॉलेज रेफर कर दिया गया । मेरठ के चिकित्सकों द्वारा युवक को मृत घोषित कर दिया गया है ।मृतक की पहचान मोहसिन निवासी जनपद बिजनौर के रूप में हुई। प्रथम दृष्टया प्रकाश में आया है कि घटना में संलिप्त अपराधी मृतक के गांव के ही रहने वाले हैं, जिनसे मृतक का पूर्व से ही जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। घटना में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु 02 टीमों का गठन किया गया है एवं प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।



