ललितपुर

स्टेशन रोड पर झुका गुलमोहर का पेड़ बना हादसे की वजह

दुकानदारों ने कटवाने की उठाई मांग

कृष्णा टॉकीज भवन पर टिका पेड़, बारिश और तेज हवाओं के बीच जन-धन के नुकसान की आशंका
वन विभाग को सौंपा प्रार्थना पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के व्यस्ततम स्टेशन रोड स्थित कृष्णा टॉकीज भवन के बाहर लगा एक विशाल गुलमोहर का पेड़ इन दिनों स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों के लिए चिंता का कारण बन गया है। पेड़ की जड़ें कमजोर होकर सड़ चुकी हैं और वह आधा उखड़कर भवन तथा दुकानों की ओर झुक गया है। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के बीच इसके कभी भी गिरने की आशंका जताई जा रही है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए कृष्णा टॉकीज परिसर के दुकानदारों ने प्रभागीय वनाधिकारी (सामाजिक वानिकी) को सामूहिक प्रार्थना पत्र देकर पेड़ को तत्काल हटाने की मांग की है। शिकायत के साथ पेड़ की वर्तमान स्थिति दर्शाने वाली तस्वीरें भी संलग्न की गई हैं। दुकानदारों का कहना है कि स्टेशन रोड शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां दिनभर ग्राहकों और राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। झुका हुआ पेड़ दुकानों की छत और भवन पर टिका हुआ है। यदि तेज बारिश या आंधी के दौरान पेड़ गिर गया तो बड़ा हादसा हो सकता है और जन-धन की भारी क्षति होने की आशंका है। व्यापारियों के अनुसार, मानसून शुरू होने के बाद से पेड़ की स्थिति और अधिक खराब हो गई है। हवा चलने पर पेड़ लगातार हिलता है, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। दुकानदारों ने कहा कि वह प्रतिदिन डर के साए में अपना व्यापार करने को मजबूर हैं। स्थानीय व्यापारियों ने जिला प्रशासन और सामाजिक वानिकी विभाग से मांग की है कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण कराया जाए और सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक हो चुके गुलमोहर के पेड़ को जल्द से जल्द हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि संभावित दुर्घटना को समय रहते टाला जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button