शामली
वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से गूंजा विद्यालय परिसर
राष्ट्रीय स्मरण उत्सव के तहत राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ कार्यक्रम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। राष्ट्रीय स्मरण उत्सव के तहत बुधवार को राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज में सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के हजारों छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।सामूहिक गायन के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के स्वरों से गूंज उठा। विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ ने एक साथ वंदे मातरम् का गायन कर राष्ट्रप्रेम और मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना प्रकट की। कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रबंधक शैलेंद्र मित्तल और प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार के निर्देशन में हुआ। विद्यालय प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई थीं। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि वंदे मातरम् भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय चेतना का महत्वपूर्ण प्रतीक रहा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों से परिचित होने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का माहौल देखने को मिला।



