हजारीबाग
उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2198 लीटर अवैध नकली विदेशी शराब बरामद।
मुख्य अभियुक्त फरार, मकान मालिक को हिरासत में लेकर किया गया गिरफ्तार।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण भंडारण एवं कारोबार के विरुद्ध उत्पाद विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दारू प्रखंड अंतर्गत हरली गांव निवासी लक्ष्मण प्रसाद के घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान उक्त परिसर से बड़ी मात्रा में अवैध नकली विदेशी शराब की खेप बरामद की गई। कार्रवाई में कुल 2198 लीटर विदेशी शराब जब्त (251 पेटी) की गई है। जांच एवं पूछताछ के क्रम में श्रवण सुंडी एवं दारू प्रखंड के रामदेव खरिका निवासी धनेश्वर महतो को इस अवैध कारोबार का मुख्य अभियुक्त के रूप में चिन्हित किया गया है। छापेमारी के दौरान दोनों अभियुक्त मौके पर मौजूद नहीं पाए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने लक्ष्मण प्रसाद के मकान को किराए पर लेकर उक्त अवैध गतिविधि को अंजाम दिया जा रहा था।
मामले में मकान मालिक लक्ष्मण प्रसाद को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद शराब को जब्त करते हुए संबंधित प्रावधानों के तहत अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी आवश्यक कार्रवाई जारी है।
नकली विदेशी शराब में रॉयल चैलेंज, रॉयल मेंशन गोल्ड, पाब्लो, ओल्ड मॉन्क, ऑफिसर चॉइस एवं रॉयल स्टैग की पेटी बरामद की गई। छापेमारी अभियान में सहायक उत्पाद आयुक्त के नेतृत्व में कुलदीप कुमार एवं अभिषेक कुमार सहित उत्पाद विभाग की टीम शामिल रही। जिला प्रशासन एवं उत्पाद विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




