ऑपरेशन कन्विक्शन का असर, चोरी की योजना बनाने वाले तीन अपराधियों को सात-सात वर्ष की सजा
शामली पुलिस की प्रभावी पैरवी रंग लाई, अदालत ने लगाया 45 हजार रुपये का अर्थदंड भी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। उत्तर प्रदेश शासन के ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत शामली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2020 में जीआरपी शामली में दर्ज चोरी की योजना बनाने के मामले में अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए सात-सात वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
अदालत ने आरोपी राहुल उर्फ काला उर्फ शाका, रिजवान उर्फ सितारा उर्फ खट्टा तथा शोएब को भारतीय दंड संहिता की धारा 398 के तहत सात-सात वर्ष का कठोर कारावास एवं दस-दस हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया। वहीं धारा 401 के तहत पांच-पांच वर्ष का कारावास और पांच-पांच हजार रुपये का अतिरिक्त अर्थदंड भी लगाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में विवेचना से लेकर न्यायालय में प्रभावी पैरवी तक सभी पहलुओं पर गंभीरता से कार्य किया गया, जिसके परिणामस्वरूप आरोपियों को दोषसिद्ध कराया जा सका। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को सजा दिलाने का अभियान आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।