झिंझाना पुलिस का अवैध शराब कारोबार पर प्रहार, 10 लीटर कच्ची शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
अवैध शराब के खिलाफ अभियान के दौरान मिली सफलता, आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। जनपद में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झिंझाना पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक शामली के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तौसीन पुत्र इन्सार उर्फ बोला निवासी ग्राम चौसाना को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 10 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।