मथुरा की जेल से भागने की कोशिश की तो लगेगा जोर का झटका

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अभेद्य बनाने के लिए शासन स्तर पर आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इस हाईटेक सुरक्षा प्रणाली में चारदीवारी पर लगाए गए विशेष सेंसरयुक्त विद्युत तार कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। जैसे ही कोई व्यक्ति इन तारों को काटने, हटाने या पार करने का प्रयास करेगा, वैसे ही सिस्टम तत्काल अलार्म के जरिए कंट्रोल रूम को सूचना देगा। अलार्म बजते ही ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी और क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुंचेगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग ने बताया कि बंदियों द्वारा जेल की दीवार फांदकर भागने की कोशिश को नाकाम करने के लिए यह कदम उठाया गया है। सुरक्षा तारों में प्रवाहित करंट जानलेवा नहीं होगा, लेकिन इतना प्रभावी रहेगा कि कोई भी भागने की जुर्रत नहीं करेगा। जेल परिसर में 120 सीसीटीवी कैमरे, सशस्त्र प्रहरी और नियमित गश्त की व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि जेल की सुरक्षा में आधुनिक उपकरणों का सहयोग लिया जा रहा है। जेल की सुरक्षा व्यवस्था की सीसीटीवी के मदद से मॉनिटरिंग की जाती है।



