कैराना

दुकान पर गाली-गलौज का विरोध बना खूनी संघर्ष

महिला समेत दोनों पक्षों के पांच लोग घायल

रामड़ा गांव में कहासुनी के बाद जमकर चले लाठी-डंडे, तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र के गांव रामड़ा में दुकान पर गाली-गलौज का विरोध करना दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष का कारण बन गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे। संघर्ष में एक महिला समेत दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से तीन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव रामड़ा में एक दुकान पर किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गई। जब इसका विरोध किया गया तो विवाद ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे,जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में एक पक्ष से जाहिदा पत्नी यासीन, साहिब पुत्र हारून तथा राशिद पुत्र फखरू घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से कय्यूम पुत्र महमूद सहित एक अन्य व्यक्ति चोटिल हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को किसी तरह अलग कराया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने राशिद, जाहिदा और कय्यूम की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों से घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के आधार पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button