झारखंड

सिंगापुर/ फिक्की/ सीआईआई/ ईज़माईट्रिप/ मेकमाईट्रिप/ हीरो और एवन साइकिल्स सहित कई प्रमुख संस्थाओं ने दिखाई निवेश और साझेदारी में रुचि

Several major entities—including Singapore, FICCI, CII, EaseMyTrip, MakeMyTrip, Hero, and Avon Cycles—have shown interest in investment and partnerships.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड सरकार द्वारा आयोजित दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन-2026 के दूसरे दिन आयोजित बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (B2G) संवाद में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने देश-विदेश के प्रमुख उद्योग संगठनों, वैश्विक निवेशकों और कॉर्पोरेट प्रतिनिधिमंडलों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं। इन बैठकों में पर्यटन, विनिर्माण, हरित ऊर्जा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और औद्योगिक अवसंरचना समेत विभिन्न क्षेत्रों में निवेश और सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
सिंगापुर के साथ दीर्घकालिक साझेदारी पर जोर
भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग वी कुएन के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के साथ दीर्घकालिक साझेदारी में गहरी रुचि दिखाई। बैठक में विश्वस्तरीय स्किल सेंटर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना, सिंगापुर के व्यावसायिक प्रशिक्षण मॉडल को अपनाने, उद्योग एवं कौशल मानचित्रण, स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और अस्पताल अवसंरचना के विकास पर विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के उद्योगों और कौशल आवश्यकताओं का व्यापक अध्ययन कर प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए निवेश रोडमैप तैयार करने का सुझाव भी दिया। मुख्यमंत्री ने इन प्रस्तावों का स्वागत करते हुए कार्ययोजना तैयार करने का भरोसा दिया।
हरित ऊर्जा में निवेश की संभावनाएं
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड में सौर एवं पवन ऊर्जा, स्मार्ट मीटरिंग, ट्रांसमिशन नेटवर्क, ग्रिड आधुनिकीकरण, सोलर सेल एवं मॉड्यूल निर्माण तथा डिजिटल ऊर्जा प्रबंधन के क्षेत्रों में निवेश के प्रस्ताव प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने राज्य में हरित ऊर्जा आधारित औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
फिक्की (FICCI) ने झारखंड को प्रकृति पर्यटन, डेस्टिनेशन वेडिंग, स्पोर्ट्स टूरिज्म और एमआईसीई (MICE) पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए पर्यटन अवसंरचना, प्रशिक्षित गाइड, आतिथ्य सेवाओं और बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने के सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को रोजगार और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
ईज़माईट्रिप और मेकमाईट्रिप का सहयोग
ईज़माईट्रिप ने झारखंड सरकार के साथ पर्यटन संवर्धन के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की। कंपनी राज्य के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रमुख ट्रैवल इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को झारखंड लाने की योजना पर काम करेगी। वहीं, मेकमाईट्रिप ने भी अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म और विपणन नेटवर्क के माध्यम से झारखंड के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार में राज्य सरकार के साथ साझेदारी की इच्छा जताई।
साइकिल और ई-साइकिल विनिर्माण पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने हीरो साइकिल्स और एवन साइकिल्स के प्रतिनिधियों के साथ झारखंड में साइकिल एवं ई-साइकिल निर्माण इकाइयों की स्थापना पर चर्चा की। बैठक में ₹500 करोड़ से ₹1,000 करोड़ तक के संभावित निवेश के जरिए समेकित विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विचार किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग-अनुकूल नीतियां, पर्याप्त औद्योगिक भूमि, मजबूत इस्पात आधारित औद्योगिक ढांचा और कुशल मानव संसाधन निवेशकों को उपलब्ध कराए जायेंगे।
रांची में अंतरराष्ट्रीय गोल्फ पर्यटन केंद्र का प्रस्ताव
फिक्की टूरिज्म फेडरेशन ने रांची में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला गोल्फ कोर्स और गोल्फ पर्यटन केंद्र विकसित करने का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि इससे स्पोर्ट्स टूरिज्म, आतिथ्य उद्योग, रियल एस्टेट और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार के साथ मिलकर परियोजना को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल बनाने को प्रतिबद्ध सरकार
बैठक के समापन पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार उद्योग-अनुकूल नीतियों, पारदर्शी प्रशासन और निरंतर संवाद के माध्यम से निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन बैठकों से प्राप्त सुझाव और संभावित साझेदारियां झारखंड को निवेश, उद्योग, पर्यटन, हरित ऊर्जा और सतत आर्थिक विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button