गोड्डा
गोड्डा बंगाल ज्वेलर्स गोलीकांड: पीड़ित से मिले मंत्री संजय प्रसाद यादव
"एक-दो दिन में अपराधी होंगे गिरफ्तार, किसी को नहीं बख्शेंगे"- मंत्री
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा के चर्चित बंगाल ज्वेलर्स गोलीकांड और डकैती मामले में आज स्थानीय विधायक सह श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया और पुलिस को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री संजय प्रसाद यादव ने पीड़ित दुकानदार से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस मामले में उनकी जिला पुलिस अधीक्षक से बातचीत हो चुकी है और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि “अपराधी चाहे कोई भी हो, किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। जरूरत पड़ी तो पुलिस कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी।” उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन ही उन्होंने पुलिस प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया था कि केवल लूट का सामान बरामद करना ही मकसद नहीं, बल्कि अपराधियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करना भी जरूरी है।उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में जिले में इस तरह की घटना नहीं हुई थी। इस वारदात के जरिए अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश की है, लेकिन उन्हें किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। मंत्री ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन हमेशा उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि एक-दो दिनों के भीतर इस मामले में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी और दोषियों को उनके किए की सजा जरूर मिलेगी।




