गोड्डा

विश्व जनसंख्या दिवस पर पथरगामा सीएचसी ने निकाली प्रभात फेरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
पथरगामा/गोड्डा : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा जनसंख्या स्थिरीकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रभात फेरी में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, एएनएम, सहिया एवं अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया। दौरान प्रतिभागियों ने परिवार नियोजन, छोटे परिवार के लाभ, सुरक्षित मातृत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े जागरूकता संदेशों वाले नारे लगाते हुए लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान ने कहा कि “छोटा परिवार, सुखी परिवार” की अवधारणा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन अपनाने से माता एवं शिशु के स्वास्थ्य में सुधार होता है, परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है तथा बच्चों को बेहतर शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना आसान होता है। उन्होंने दंपतियों से सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे परिवार नियोजन के सुरक्षित एवं निःशुल्क साधनों का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस का उद्देश्य बढ़ती जनसंख्या से उत्पन्न चुनौतियों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा जनसंख्या नियंत्रण, लैंगिक समानता, प्रजनन स्वास्थ्य और परिवार कल्याण के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना है। इस अवसर पर लोगों को परिवार नियोजन संबंधी विभिन्न उपायों की जानकारी भी दी गई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button