
हेलमेट, तीन सवारी और काली फिल्म वालों पर कार्रवाई; वाहनों से हटवाए ‘सरपंच’ और ‘राज. पुलिस’ जैसे अनधिकृत शब्द एवं स्टीगर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल। सड़क सुरक्षा को लेकर खैरथल ट्रैफिक और थाना पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। जयपुर रेंज आईजी के निर्देश और पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के नेतृत्व में जिलेभर में 2 जुलाई से 16 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पहले नौ दिनों में ही ट्रैफिक पुलिस ने 457 वाहनों के चालान काटकर यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कस दिया है।
शनिवार को भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 69 चालान किए। इनमें बिना हेलमेट के 28, तीन सवारी के 22, सीट बेल्ट नहीं लगाने के 13, काली फिल्म वाले दो और तेज आवाज वाले बुलेट साइलेंसर के चार मामले शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मिस्त्री बुलाकर कई बुलेट मोटरसाइकिलों के मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही खुलवा दिए।
फैंसी नंबर प्लेट और अवैध मॉडिफिकेशन भी रडार पर
पुलिस की कार्रवाई अब केवल हेलमेट और सीट बेल्ट तक सीमित नहीं है। अभियान के तहत फैंसी नंबर प्लेट, काली फिल्म, प्रेशर हॉर्न, अवैध मॉडिफिकेशन और वाहनों पर लिखे ‘सरपंच’, ‘राज. पुलिस’ तथा जातिसूचक शब्दों के खिलाफ भी सख्ती बरती जा रही है। जांच के दौरान ऐसे कई वाहनों से अनधिकृत लिखावट को तत्काल हटवाया गया।
ट्रैफिक पुलिस प्रभारी शिवलाल ने बताया कि 2 से 11 जुलाई के बीच महज नौ दिनों में 457 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाने पर एक हजार रुपए, काली फिल्म लगाने पर 500 रुपए और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर दो हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। गंभीर मामलों में वाहन जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
स्कूल वाहनों की जांच, बच्चों की सुरक्षा पर जोर
विशेष अभियान के दौरान स्कूल बाल वाहिनियों की भी सघन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने चालकों को बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने के निर्देश दिए। दूसरी ओर, जिलेभर में चल रही सख्त चेकिंग से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने कहा कि जिले में अधिकांश सड़क हादसे तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होते हैं। फर्जी नंबर प्लेट और अवैध मॉडिफिकेशन अपराधों की जांच में भी बड़ी बाधा बनते हैं। उन्होंने साफ किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और लोगों से हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा वाहनों में अवैध बदलाव नहीं कराने की अपील की।



