
जिलाध्यक्ष अंजनी सोनी ने सौंपा नियुक्ति पत्र, पत्रकारों ने माल्यार्पण कर किया स्वागत, संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
जालौन (उरई)। जिला ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को जालौन में जिला अध्यक्ष अंजनी कुमार सोनी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकार हितों की सुरक्षा तथा निष्पक्ष एवं जनहित की पत्रकारिता को और अधिक सशक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसी दौरान वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश सोनी को सर्वसम्मति से जिला ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, जालौन का तहसील अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
जिलाध्यक्ष अंजनी कुमार सोनी ने अखिलेश सोनी को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि संगठन पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अखिलेश सोनी के नेतृत्व में तहसील इकाई और अधिक सक्रिय होगी तथा संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने नवमनोनीत तहसील अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहित की पत्रकारिता के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक के दौरान संगठन का विस्तार करते हुए किशन सोनी, एवं छत्रपाल सिंह को भी जिला ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का सदस्य बनाया गया। नियुक्ति की घोषणा के बाद उपस्थित पत्रकारों एवं पदाधिकारियों ने अखिलेश सोनी का माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए संगठन निरंतर कार्य करता रहेगा। बैठक में रामनरेश द्विवेदी, अनुज शर्मा, योगेंद्र नारायण तिवारी, सुनील श्रीवास्तव, बृजेश उदैनिया, संजय कुमार, मनीष पचैरी सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नवमनोनीत तहसील अध्यक्ष अखिलेश सोनी को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।



