जालौन
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में बेसिक शिक्षा विभाग में हुआ संघन वृक्षारोपण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर संचालित ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के तहत जनपद जालौन में बेसिक शिक्षा विभाग ने सघन वृक्षारोपण अभियान चलाकर 25,300 पौधरोपण का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा विभाग से संबद्ध समस्त विद्यालयों में रविवार को व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। अभियान के अंतर्गत जनपद के 9 विकास खंडों में प्रत्येक विकास खंड को लगभग 2,815 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे सभी विकास खंडों ने सफलतापूर्वक पूरा कर लिया।
बीएसए विकास चौधरी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप खंड शिक्षा अधिकारियों ,शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों तथा स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान सफल रहा। विद्यालय परिसरों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया गया।
उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल पौधरोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और मातृ सम्मान का जनआंदोलन है। विभाग आगे भी पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर विशेष ध्यान देगा, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण को समृद्ध कर सकें। उन्होंने यह भी बताया की विद्यालयों में फलदार व छायादार वृक्षों का रोपण किया गया है ताकि भविष्य में हरियाली के साथ-साथ फलों का भी स्वाद लिया जा सके l
इस अभियान की सफलता में जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


