मेरठ
हरित जवेरी ज्वेलर्स की सीएसआर पहल से एमआईईटी कुमाऊँ की छात्राओं को ₹13.47 लाख की छात्रवृत्ति
ईडब्ल्यूएस छात्राओं को मिला आर्थिक संबल, शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
नई दिल्ली। अहमदाबाद (गुजरात) स्थित आरबीजेड ज्वेलर्स लिमिटेड एवं उसके प्रमुख आभूषण ब्रांड हरित जवेरी ज्वेलर्स ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत एमआईईटी कुमाऊँ, हल्द्वानी की आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) की छात्राओं को ₹13.47 लाख की छात्रवृत्ति प्रदान की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरबीजेड ज्वेलर्स लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री राजेन्द्रकुमार कांतिलाल जवेरी ऑनलाइन माध्यम से समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि “जब एक बेटी शिक्षित होती है, तो वह केवल अपना भविष्य नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र का भविष्य संवारती है।” उन्होंने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता दोहराई।
एमआईईटी कुमाऊँ के प्रबंध निदेशक डॉ. बी. एस. बिष्ट ने कहा कि यह छात्रवृत्ति आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्राओं को अपने सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में छात्राओं को ₹13.47 लाख का प्रतीकात्मक छात्रवृत्ति चेक प्रदान किया गया। छात्राओं ने इस सहयोग को अपने लिए आर्थिक सहायता के साथ-साथ आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की नई प्रेरणा बताया।
इस अवसर पर सीएसआर सलाहकार श्री सुमीत शर्मा, कार्यकारी निदेशक डॉ. तरुण कुमार, डॉ. कमल सिंह रावत, डॉ. शैफाली कपूर सहित संस्थान के प्राध्यापक, अधिकारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। समारोह में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास की दिशा में उद्योग–शिक्षा साझेदारी को एक अनुकरणीय पहल बताया गया।



