जालौन
टूरिस्ट परमिट पर भाड़ा ढो रही फौजी ट्रैवल्स की एसी बस पकड़ी, 37 हजार का चालान
उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति होगी सर्वोच्च प्राथमिकताःज्ञानेंद्र सिंह

प्रवर्तन टीम के अधिकारियों को बॉडी-वॉर्न कैमरे उपलब्ध कराए जायेंगे
सुबह बिजली चोरी विरोधी अभियानों की लाइव रिकॉर्डिंग की जाएगी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झांसी – दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) के झांसी क्षेत्र में हाल ही में कार्यभार ग्रहण करने वाले मुख्य अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लंबित विद्युत कार्यों को शीघ्र पूरा कर बाधित आपूर्ति को सामान्य करना विभाग का प्रमुख लक्ष्य होगा।
मुख्य अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि हाल ही में आयोजित डीवीवीएनएल के शहरी वृत्त के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक में सभी अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी उपभोक्ताओं का फोन अवश्य उठाए तथा उनसे विनम्र व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि विभाग उपभोक्ता सेवा के साथ-साथ जवाबदेही बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ढीली एवं जमीन के अधिक निकट गुजर रही विद्युत लाइनों का सर्वे कराया जाएगा। ऐसी सभी लाइनों की सूची तैयार कर आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त बिजली के खंभे लगाए जाएंगे, जिससे तारों की ऊंचाई सुरक्षित मानकों के अनुरूप बनी रहे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। मुख्य अभियंता ने कहा कि रखरखाव कार्यों के दौरान होने वाली विद्युत कटौती की सूचना समय से उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को व्हाट्सऐप समूह बनाने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से औद्योगिक उपभोक्ताओं को पूर्व सूचना देकर असुविधा कम करने का प्रयास किया जाएगा। बिजली चोरी रोकने के संबंध में उन्होंने बताया कि विभाग जल्द ही प्रवर्तन टीम के अधिकारियों को बॉडी-वॉर्न कैमरे उपलब्ध कराएगा। सुबह के समय चलाए जाने वाले बिजली चोरी विरोधी अभियानों की लाइव रिकॉर्डिंग की जाएगी, जिससे कार्रवाई में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में प्रमाण उपलब्ध रहेंगे।



