गोड्डा
प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, 4 लाख की सुपारी देकर ट्रेन में कराई हत्या
रेल पुलिस का सनसनीखेज खुलासा, पत्नी प्रेमी और सुपारी किलर गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। मानसी रेल थाना क्षेत्र में जनसाधारण एक्सप्रेस में बिजली विभाग के ग्रेड-वन टेक्नीशियन देवकुमार गुंजन की हत्या मामले का रेल पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी समिता कुमारी, जो सुपौल में एमवीआई के पद पर कार्यरत है, ने अपने प्रेमी अजित कुमार के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। हत्या के लिए जहानाबाद निवासी राजू कुमार उर्फ धीरज को 4 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। रेल पुलिस अधीक्षक हरिशंकर कुमार ने बताया कि 11 जून 2026 को बदलाघाट के समीप जनसाधारण एक्सप्रेस में देवकुमार गुंजन को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल देवकुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना की जांच के लिए गठित एसआईटी ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया। जांच में पता चला कि समिता कुमारी और अजित कुमार के बीच प्रेम संबंध था और देवकुमार उनके रिश्ते में बाधा बन रहे थे। इसी कारण दोनों ने मिलकर सुपारी देकर हत्या करवाई। पुलिस ने पत्नी, प्रेमी और सुपारी किलर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। रेल एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सुपारी किलर का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह हत्या व आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल भी जा चुका है। रेल पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच जारी है। जल्द ही न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल कर त्वरित सुनवाई के माध्यम से सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।



