गाजियाबाद

लोनी बॉर्डर की राजनगर कॉलोनी में 12 घंटे से अधिक बिजली गुल

भीषण गर्मी में लोगों का हाल बेहाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र की राजनगर कॉलोनी में 12 घंटे से भी अधिक समय तक विद्युत आपूर्ति ठप रहने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का बुरा हाल रहा। वहीं, नौकरीपेशा लोग दिनभर की ड्यूटी के बाद जब अपने घर पहुंचे तो बिजली न मिलने से उनकी परेशानी और बढ़ गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली गुल होने के कारण घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण पूरी तरह बंद रहे, जिससे पूरी रात लोगों को गर्मी में जागकर बितानी पड़ी। बिजली आपूर्ति ठप रहने से पेयजल संकट भी उत्पन्न हो गया, क्योंकि अधिकांश घरों में मोटर के माध्यम से पानी की व्यवस्था होती है। बिजली न होने के कारण लोग आसपास के क्षेत्रों से पानी लाकर अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करने को मजबूर हो रहे हैं
कालोनीवासियों ने आरोप लगाया कि समस्या की जानकारी देने के लिए उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को कई बार फोन किए, लेकिन किसी ने भी फोन रिसीव नहीं किया। लोगों का कहना है कि विभाग की इस लापरवाही से उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है।
स्थानीय निवासी टिल्लू प्रधान, सुदेश कुमार, रवि वर्मा, करण तोमर, राजपाल राठी, ममता, पारुल तोमर और दीपक देव तोमर ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार बिजली कटौती और शिकायतों पर अधिकारियों की उदासीनता आम जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए तथा बिजली आपूर्ति बाधित होने पर अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और अधिकारियों का यही रवैया बना रहा तो वे विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को विवश होंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से भी मामले का संज्ञान लेकर राजनगर कॉलोनी में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button