कानपुर
रॉयल लिटिल स्टार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव बड़े ही धूम-धाम से मनाया गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : बिठूर स्थित रॉयल लिटिल स्टार प्री-स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में बच्चों के लिए विशेष कहानी सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षिका ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की प्रेरणादायक कथा सरल एवं रोचक ढंग से सुनाई। कहानी के माध्यम से बच्चों को बताया गया कि श्रीकृष्ण का जन्म अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश लेकर हुआ था। कृष्ण जन्म से जुड़ी घटनाओं को भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिसे बच्चों ने उत्साह और जिज्ञासा के साथ सुना। इस दौरान बच्चों को सत्य, साहस, प्रेम, करुणा एवं अच्छे संस्कारों के महत्व के बारे में भी समझाया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या अदिति अग्निहोत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कहानी और गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को दी गई सीख लंबे समय तक उनके मन में बनी रहती है। विद्यालय की डायरेक्टर शिल्पा मिश्रा ने कहा कि जन्माष्टमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि बच्चों को सत्य, प्रेम, साहस और सदाचार का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देने का अवसर भी है। विद्यालय का प्रयास है कि शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, संस्कृति और मानवीय मूल्यों का विकास भी हो। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे विद्यालय परिसर में कृष्ण जन्माष्टमी की उमंग और उल्लास का वातावरण रहा।



