गोड्डा
महागामा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने की उम्मीद
कई दिनों से ठप सफाई व्यवस्था से जनता बेहाल

निर्णायक बातचीत से निकल सकता है समाधान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा नगर पंचायत में पिछले कई दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। शनिवार को होने वाली महत्वपूर्ण वार्ता को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि लंबे समय से चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो सकता है और हड़ताल पर विराम लग सकता है। यदि बातचीत सफल रहती है, तो नगर पंचायत क्षेत्र में जल्द ही नियमित सफाई व्यवस्था बहाल होने की संभावना है।हड़ताल के कारण नगर पंचायत के अधिकांश वार्डों में कचरा उठाव पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़े का अंबार लग गया है। बरसात के मौसम में बढ़ती गंदगी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था शुरू नहीं हुई तो संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।सूत्रों के अनुसार, कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सहमति बनाने के लिए संबंधित पक्षों के बीच लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शनिवार की वार्ता को इस पूरे आंदोलन का सबसे अहम पड़ाव माना जा रहा है माना जा रहा है कि यदि दोनों पक्षों के बीच सहमति बनती है, तो सफाई कर्मचारी काम पर लौटेंगे और नगर पंचायत क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर जमा कचरे का शीघ्र निष्पादन किया जाएगा। नगरवासियों की उम्मीदें अब इस वार्ता से जुड़ गई हैं। व्यापारी, आम नागरिक और सामाजिक संगठन भी चाहते हैं कि बातचीत सकारात्मक माहौल में संपन्न हो और कर्मचारियों की समस्याओं का सम्मानजनक समाधान निकले। इससे न केवल सफाई व्यवस्था सामान्य होगी, बल्कि नगर में जनस्वास्थ्य से जुड़े संभावित खतरे भी कम होंगे।अब सभी की नजर शनिवार को होने वाली वार्ता पर टिकी है। यदि यह बैठक सफल रहती है, तो महागामा नगर पंचायत में कई दिनों से जारी सफाई संकट समाप्त हो सकता है और आम लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।



