हजारीबाग
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं रोड कंस्ट्रक्शन डिवीजन की बैठक।
सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य में तेजी लाने का उपायुक्त ने दिया निर्देश।

बरही-चौपारण मार्ग पर 24 घंटे के अंदर मरम्मत कार्य पूर्ण करने तथा जाम की समस्या से निजात दिलाने का निर्देश, लापरवाही पर प्राथमिकी की चेतावनी।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग उपायुक्त ने गुरुवार को आरसीडी,भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों तथा संबंधित सड़क निर्माण कार्य में लगे संवेदकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कार्यों में तेजी लाने तथा आम नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानियों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान बरही-चौपारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों लग रहे लंबे जाम एवं इसके कारण यात्रियों को हो रही परेशानियों पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। सड़क मरम्मत कार्य की धीमी एवं शिथिल कार्यप्रणाली पर संबंधित संवेदक को कड़ी फटकार लगाते हुए उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही के कारण आम जनता को हो रही परेशानी को देखते हुए संवेदक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा सकती है। इस पर संबंधित संवेदक द्वारा तत्काल कार्य प्रारंभ कर सड़क मरम्मत कार्य पूर्ण करने की बात कही गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अगले 24 घंटे के अंदर सड़क मरम्मत कार्य में आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करते हुए जाम की स्थिति से लोगों को निजात दिलाई जाए। उन्होंने बरही-चौपारण सड़क मार्ग पर किसी भी प्रकार की समस्या अथवा सूचना प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने बताया कि एनएच द्वारा महुदी मोड़ से बिलौतीयां मोड़ तक सड़क के कालीकरण का कार्य किया जाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक को कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शहरी क्षेत्र की खराब सड़कों पर भी उपायुक्त ने जताई नाराजगी। बैठक में शहरी क्षेत्र की खराब सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को अविलंब कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उपायुक्त ने सिंघानी मोड़ से रेलवे पुल, कूद तक एनएच-100 के सड़क निर्माण कार्य के लिए आज ही निविदा प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
वहीं, आरसीडी विभाग द्वारा शहर के आनंदा चौक, बस स्टैंड, मिशन अस्पताल रोड सहित अन्य प्रमुख सड़क मार्गों को दुरुस्त किया जाएगा। इसके लिए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
सड़क क्षतिग्रस्त करने पर एलएंडटी के संवेदकों पर एफआईआर का निर्देश। शहरी क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के क्रम में सड़कों के क्षतिग्रस्त होने तथा इसके बाद सड़क की मरम्मत नहीं किए जाने की स्थिति पर उपायुक्त ने एल एंड टी के कार्यों को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण आम नागरिकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उपायुक्त ने नगर आयुक्त को डैमेज ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट के तहत एल एंड टी के संबंधित संवेदकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी एजेंसी अथवा संवेदक द्वारा सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाए जाने के बाद उसकी समुचित मरम्मत कराना अनिवार्य है। इसमें लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं संवेदकों को सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में समयबद्धता, गुणवत्ता एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़कें आम नागरिकों के सुगम आवागमन की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना हैं, इसलिए इनके निर्माण, मरम्मत एवं रखरखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस बैठक में मुख्य रूप से नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय एवं अन्य शामिल थे।



