गाजियाबाद

गलत आख्या और सरकारी जमीन पर कब्जे के मामले में लोनी के तीन लेखपाल निलंबित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

लोनी गाजियाबाद :  गाजियाबाद जनपद की लोनी तहसील में राजस्व अभिलेखों से जुड़ी अनियमितताओं और कथित रूप से गलत रिपोर्ट आख्या  अधिकारियों को प्रस्तुत करने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में लेखपाल ललित कुमार, गौरव त्यागी व शेखर को निलंबित कर जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला ग्राम खोड़ा, परगना लोनी, तहसील एवं जिला गाजियाबाद से संबंधित है। विवाद का केंद्र खसरा संख्या-70 बताया जा रहा है। राजस्व अभिलेखों में उक्त भूमि शासकीय भूमि, बंजर श्रेणी 5-3-क के रूप में दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

आरोप है कि उक्त सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इस मामले में संबंधित लेखपालों पर आरोप लगा कि उन्होंने अवैध कब्जे को रोकने के लिए अपने स्तर से कोई प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी तरफ से गुमराह करने वाली गलत आख्या प्रस्तुत की तथा अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती।

मामले की जांच के दौरान राजस्व संबंधी अनियमितताओं और प्रस्तुत ग़लत आख्या रिपोर्ट में खामियां पाए जाने के बाद अधिकारियों ने तीनों लेखपालों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित करने के साथ ही उन्हें जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों में कार्यप्रणाली को लेकर अब  सवाल उठना स्वाभाविक हैं। लोगों का कहना है कि अगर सरकारी भूमि की सही तरीके से जांच की जाए तो लोनी क्षेत्र में ही सैकड़ों मामले सामने आ जाएगे

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button