खजूरडंगाल में किशोरी शक्ति सम्मेलन आयोजित, शिक्षा व सामाजिक जागरूकता का दिया संदेश
'Kishori Shakti Sammelan' organized in Khajurdangal; message of education and social awareness conveyed.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पाकुड़िया प्रखंड के खजूरडंगाल स्कूल मैदान में शनिवार को लोक कल्याण सेवा केंद्र के तत्वावधान में किशोरी शक्ति सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ किशोरियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। सम्मेलन में खजूरडंगाल एवं बसेतकुंडी पंचायत के सभी 17 गांवों से बड़ी संख्या में किशोर एवं किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास बढ़ाना, नेतृत्व क्षमता विकसित करना, आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम के दौरान मटका फोड़, गुब्बारा फोड़, स्लो साइकिल रेस और बिस्कुट खेल जैसी मनोरंजक एवं प्रेरणादायक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खेल-गतिविधियों के माध्यम से बाल विवाह, बाल श्रम, शिक्षा का अधिकार, लैंगिक समानता और सुरक्षित भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा बेहतर भविष्य की सबसे मजबूत नींव है तथा सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने किशोरियों से शिक्षा को प्राथमिकता देने और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर खजूरडंगाल ग्राम प्रधान विकास सोरेन की उपस्थिति में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में लोक कल्याण सेवा केंद्र की ओर से सुनीता, ओलेंडो, आशीष, अनवर, प्रियंका एवं सोहेल की सराहनीय भूमिका रही।



