शामली

 महिलाओं से अश्लील हरकत करने वाला युवक गिरफ्तार, मिशन शक्ति टीम की कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शामली। जनपद में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना आदर्श मंडी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने छात्राओं एवं महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण में गठित मिशन शक्ति टीम ने सोमवार को चेकिंग एवं गश्त के दौरान वीवीपीजी डिग्री कॉलेज के समीप कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रोहित कुमार पुत्र अशोक कुमार, निवासी मुड़ाला पट्टी, थाना खेकड़ा, जनपद बागपत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी छात्राओं और महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसकर उन्हें परेशान कर रहा था। शिकायत मिलने पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक गिरीशचंद, महिला हेड कांस्टेबल निधि तथा हेड कांस्टेबल दीपक शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील
शामली पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि यदि उनके साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता, छेड़छाड़ या अपराध की घटना होती है तो बिना संकोच 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) अथवा निकटतम थाना या महिला हेल्प डेस्क पर सूचना दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button