मथुरा

द्वारकाधीश मंदिर के मुख्य द्वार से दानपात्र तोड़कर चोरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर के मुख्य द्वार पर लगे दानपात्र को तोड़कर चोर हजारों रुपये चोरी कर ले गया। दानपात्र को तोड़कर चोरी करने वाला चोर सीसीटीवी में कैद हो गया है। दानपात्र तोड़ने और रुपये चुराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना रविवार रात करीब दो बजे की है। चोर अपने साथ एक बैग में हथौड़ी और सरिया लेकर पहुंचा। पैंट-शर्ट पहने और नंगे पांव चोर ने द्वारकाधीश मंदिर के मुख्य द्वार लगे दानपात्र को सरिया और हथौड़ी की मदद से तोड़ने का प्रयास शुरू किया। उसने ताला भी तोड़ा। बीच-बीच में वह सीढि़यां उतरकर बाजार में यह देखने लगता कि कोई आ तो नहीं रहा। इस बीच एक स्कूटी सवार निकला, तो चोर सीढ़ियों पर बैठ गया। दानपात्र तोड़ने के दौरान वह कुछ देर तक मंदिर की सीढ़ियों पर बैठ जाता और मोबाइल फोन चलाने लगता। इसके बाद वह फिर से लोहे की सरिया से मंदिर के दानपात्र और ताले को तोड़ने की कोशिश करने लगता। दानपात्र तोड़ने के बाद चोर ने उसमें से पांच-छह बार हाथ डालकर नोट निकालकर बैग में डाले। चोर इस दानपात्र से नोट तो ले गया लेकिन खेरीज नहीं लेकर गया। खेरीज अगर बैग में डालता तो वजन तो बढ़ता ही, वह आवाज भी करती। घटना की जानकारी लोगों को सुबह करीब 5:15 बजे तब हुई, जब लोग मंदिर पहुंचे। टूटा दानपात्र देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीसीटीवी की मदद से पुलिस चोर की तलाश कर रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button