जामताड़ा
झारखंड के शिक्षा मंत्री सुदीप्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर कर्माटांड़ में शोक सभा आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री सुदीप्य कुमार सोनू के असामयिक और आकस्मिक निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। इसी क्रम में जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ प्रखंड के कार्यकर्ताओं द्वारा एक विशेष शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर दिवंगत नेता को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोक सभा की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर की गई, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। वक्ताओं ने उनके राजनीतिक सफर, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और जनहित के कार्यों को याद करते हुए कहा कि उनका इस तरह अचानक चले जाना झारखंड की राजनीति और खासकर शिक्षा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।
इस दुखद अवसर पर कर्माटांड़ प्रखंड के प्रमुख राजनीतिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। श्रद्धांजलि देने वालों में प्रमुख रूप से शिवनारायण मंडल, रामरतन मंडल, रंजीत मंडल, अजीत मंडल, हरेराम यादव, रामदेव मंडल, सुबोध शाह, बाले मंडल और विनोद मंडल शामिल रहे। इन सभी ने अपने संबोधन में कहा कि सुदीप्य कुमार सोनू हमेशा गरीबों, पिछड़ों और छात्रों के हितों की आवाज बुलंद करते थे। उनका सरल स्वभाव और जनता के प्रति समर्पण कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणास्त्रोत रहेगा।
स्थानीय कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने छोटे से कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था को सुधारने और बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए थे। उनका जाना न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि झारखंड के हर उस नागरिक के लिए एक बड़ा आघात है जो राज्य के विकास की उम्मीद लगाए बैठा था।
शोक सभा के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और ईश्वर से उनके परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान पूरा कर्माटांड़ प्रखंड शोक में डूबा नजर आया और हर किसी की आंखें अपनेप्रिय नेता के बिछड़ने से नम थीं।




