सिंगरौली

10 साल से जलभराव की समस्या, अंतरराज्यीय बस स्टैंड बेहाल

बारिश में यात्रियों और व्यापारियों की बढ़ती परेशानी, स्थायी समाधान की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो l

सिंगरौली। जिला मुख्यालय स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड वैढ़न के मुख्य प्रवेश द्वार पर जलभराव की समस्या वर्षों बाद भी खत्म नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब 10 वर्षों से बारिश के दौरान यहां पानी भरने की समस्या बनी हुई है, जिससे यात्रियों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार को जोड़ने वाले इस प्रमुख बस स्टैंड से प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। बारिश के समय मुख्य द्वार पर पानी भरने और परिसर में बने गड्ढों के कारण बसों एवं अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
व्यापारियों का कहना है कि मस्जिद तिराहा, तुलसी मार्ग और काली मंदिर क्षेत्र का बारिश का पानी बस स्टैंड परिसर से होकर चौपाटी की ओर निकलता है। हाल ही में बनाई गई नाली भी जल निकासी में प्रभावी साबित नहीं हो रही है। उनका आरोप है कि नाली का निर्माण पर्याप्त चौड़ाई और गहराई के बिना किया गया, जिसके कारण पानी जमा हो जाता है।
व्यापारियों ने बताया कि बस स्टैंड के समीप दुर्गा मंदिर के सामने अतिक्रमण हटाने के बाद फल मंडी संचालन की योजना बनाई गई थी, लेकिन जलभराव और कीचड़ के कारण फल विक्रेता अब भी सड़क किनारे ठेले लगाने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों ने महापौर, नगर निगम अध्यक्ष, वार्ड पार्षद और नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि बस स्टैंड परिसर में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए, ताकि वर्षों पुरानी समस्या से निजात मिल सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button