सिंगरौली

ब्लास्टिंग के कंपन से दो मंजिला मकान का हिस्सा ढहा, लाखों का सामान दबा

मोरवा के झूमरिया टोला में 4000 वर्गफीट के मकान का हिस्सा गिरा; पहले ही दीवारों में दरारों की लिखित शिकायत, फिर भी नहीं चेता NCL

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 स्थित पंजरेह झूमरिया टोला में एनसीएल की ब्लास्टिंग को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे तेज बारिश के बीच नवीन कुमार गुप्ता का दो मंजिला मकान अचानक क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। मकान मालिक ने आरोप लगाया है कि एनसीएल की तेज ब्लास्टिंग से होने वाले कंपन के कारण मकान की दीवारें पहले से कमजोर हो गई थीं, जिसके चलते मकान का एक हिस्सा धराशायी हो गया।बताया गया कि करीब 4000 वर्गफीट में बने इस दो मंजिला मकान का उपयोग कमर्शियल गोदाम के रूप में किया जा रहा था। यहां शौर्य लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट कंपनी का लाखों रुपए का सामान रखा हुआ था। मकान का हिस्सा गिरने से गोदाम में रखा सामान भी प्रभावित हुआ है।
मकान मालिक नवीन कुमार गुप्ता के अनुसार, उन्होंने पूर्व में एनसीएल को लिखित आवेदन देकर मकान की दीवारों में ब्लास्टिंग के कारण बड़ी-बड़ी दरारें आने की जानकारी दी थी। उनका कहना है कि लगातार ब्लास्टिंग के कंपन से मकान की स्थिति खराब होती जा रही थी। इसके बावजूद मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई।
मकान मालिक के अनुसार, उनकी संपत्ति का एनसीएल द्वारा पूर्व में सत्यापन और मूल्यांकन भी कराया जा चुका है। आवेदन में संपत्ति का सर्वे नंबर 110D और ड्रोन आईडी 15408 का उल्लेख किया गया है।
मोरवा क्षेत्र में ब्लास्टिंग को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता भी बढ़ रही है। रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र के कई मकानों में तेज ब्लास्टिंग के कंपन के बाद बड़ी-बड़ी दरारें दिखाई देने लगी हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो कमजोर हो चुके मकान कभी भी गिर सकते हैं।
दो मंजिला मकान का हिस्सा गिरने की घटना ने आबादी वाले क्षेत्र में ब्लास्टिंग से जुड़े सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहत की बात यह रही कि घटना के दौरान कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ब्लास्टिंग के कंपन से मकानों को इसी तरह नुकसान पहुंचता रहा तो भविष्य में गंभीर हादसा हो सकता है।इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब मकान मालिक द्वारा पहले ही लिखित आवेदन देकर दीवारों में बड़ी दरारें आने की जानकारी दी गई थी, तो संबंधित स्तर पर समय रहते इसकी जांच क्यों नहीं कराई गई? अब मकान का एक हिस्सा गिरने के बाद एनसीएल और प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजर है।मकान मालिक नवीन कुमार गुप्ता ने मोरवा थाने में दिए गए अपनी शिकायत में ब्लास्टिंग के कंपन से मकान के कमजोर होने और हिस्सा गिरने की वजह बताया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button