झुंझुनू

गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह के लिए पंजीकरण शुरू

देशभर से आमंत्रित किये जायेंगे आवेदन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं सूरजगढ़। राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक व सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वावधान में आयोजित होने वाले गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। संस्थान के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाओं के चयन एवं पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा करते हुए देशभर के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। धर्मपाल गाँधी ने बताया कि यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान समारोह प्रत्येक वर्ष 1 सितंबर को गाँधीवादी समाजसेवी, स्वतंत्रता सेनानी एवं आदर्श समाज के प्रणेता श्री बजरंग लाल गाँधी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जाता है। समारोह का उद्देश्य समाज के उन उत्कृष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने कार्यों से राष्ट्र निर्माण, मानवता की सेवा और गाँधीवादी मूल्यों को सशक्त बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि गाँधी सेवा रत्न अवार्ड केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि सेवा, सत्य, अहिंसा, सामाजिक न्याय, समानता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित व्यक्तित्वों के योगदान का राष्ट्रीय अभिनंदन है। यह सम्मान उन लोगों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में प्रेरणादायी भूमिका निभाई है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभाओं को शिक्षा, चिकित्सा, न्याय, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान एवं अनुसंधान, साहित्य एवं पत्रकारिता, कला एवं संस्कृति, योग, संगीत, नृत्यकला, खेल, शांति स्थापना, राष्ट्र सेवा तथा समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जायेगा। इसके अतिरिक्त ईमानदारी, पारदर्शिता और जनहित की भावना के साथ कार्य करने वाले राजनीति एवं राजकीय सेवा से जुड़े विशिष्ट व्यक्तियों को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान से अलंकृत किया जायेगा। धर्मपाल गाँधी ने बताया कि इस वर्ष समारोह को और अधिक व्यापक एवं राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। देशभर से योग खिलाड़ियों, युवा कलाकारों और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को अपनी कला एवं प्रतिभा का प्रदर्शन करने का विशेष अवसर दिया जायेगा। साथ ही सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत मेधावी छात्र-छात्राओं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया जायेगा, ताकि नई पीढ़ी में प्रतिभा, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित मानकों के आधार पर संपन्न की जायेगी। विभिन्न राज्यों से प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन विशेषज्ञों द्वारा किया जायेगा, जिसके बाद चयनित प्रतिभाओं को सम्मान समारोह में आमंत्रित किया जायेगा। धर्मपाल गाँधी ने देशभर के शिक्षाविदों, चिकित्सकों, साहित्यकारों, पत्रकारों, वैज्ञानिकों, पर्यावरणविदों, समाजसेवियों, कलाकारों, खिलाड़ियों, योगाचार्यों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे व्यक्तियों से इस राष्ट्रीय सम्मान समारोह में सहभागिता करने और अपनी प्रतिभा का पंजीकरण कराने का आह्वान किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि “गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह” गाँधीवादी विचारधारा, सामाजिक समरसता, सेवा, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा तथा देशभर की प्रेरणादायी प्रतिभाओं को एक साझा राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button