गाजियाबाद
कांवड़ यात्रा को लेकर टीला मोड़ व लोनी बॉर्डर क्षेत्र में चला सघन चेकिंग अभियान
होटलों, ढाबों व कांवड़ शिविरों का निरीक्षण, निर्धारित मूल्य पर सामग्री बेचने और साफ-सफाई के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर टीला मोड़ एवं लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छ व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा विशेष सघन चेकिंग एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कांवड़ मार्ग पर स्थित होटल, ढाबे, भोजनालय तथा अन्य प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण किया गया और संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने होटल एवं ढाबा संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी खाद्य सामग्री स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। खाद्य पदार्थों को ढककर रखा जाए, साफ-सुथरे वातावरण में ही बिक्री की जाए तथा सभी प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए। साथ ही दुकानदारों को निर्धारित मूल्य पर ही सामग्री बेचने और किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग या कालाबाजारी से बचने की हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले दुकानदारों एवं व्यापारियों से कहा कि श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करें और उनकी सुविधा का विशेष ध्यान रखें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।
अभियान के दौरान क्षेत्र में स्थापित कांवड़ शिविरों का भी निरीक्षण किया गया। शिविर संचालकों को स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सहायता, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, साफ-सफाई एवं सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
प्रशासन ने नगरपालिका परिषद लोनी को भी नगर पालिका परिषद क्षेत्र में कांवड़ मार्ग पर नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, नालियों की सफाई तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ मार्गों पर लगातार निगरानी, नियमित निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
गौरतलब है कि इस मार्ग से राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के कांवड़िए मां गंगा का पवित्र जल लेकर अपने गंतव्य स्थान के लिए जाते हैं


