जालौन

लौना  मौजा 202 का विवाद फिर गरमाया

खेत पर जाने से रोका, खेत जोतने का आरोप, उप जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन। तहसील क्षेत्र के ग्राम लौना स्थित मौजा संख्या 202 का भूमि विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस बार मामला खेत मालिक और खेत जोतने वाले व्यक्ति के बीच विवाद का है। पीड़ित जगन्नाथ ने उप जिलाधिकारी जालौन को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि लौना गांव के दबंग प्रवृत्ति के गब्बर सिंह पुत्र केदारनाथ ने उसे उसकी ही जमीन पर जाने से रोक दिया, जान से मारने की धमकी दी और प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना करते हुए खेत को जबरन जोत दिया।
पीड़ित का कहना है कि संबंधित भूमि का मामला न्यायालय में विचाराधीन है तथा प्रशासन के निर्देश पर खेत को हदबंदी में रखा गया है। संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी  ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जब तक न्यायालय का अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक कोई भी पक्ष खेत की जुताई या अन्य कार्य नहीं करेगा। इसके बावजूद आरोप है कि गब्बर सिंह लगातार प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी कर रहा है।
पीड़ित ने बताया कि बुधवार को जब वह अपने खेत पर पहुंचा तो देखा कि किसी ने खेत की जुताई कर उसे बखर (जोत) दिया है। इसके बाद उसने पूरे मामले की शिकायत गुरुवार को उप जिलाधिकारी जालौन को प्रार्थना पत्र देकर की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ माह पूर्व  लौना गांव में हुए एक विवाद के दौरान कोटेदार गब्बर और उसके पुत्र पर मारपीट के आरोप लगे थे, जिसमें एक महिला के साथ भी अभद्रता हुई थी। पीड़ित का दावा है कि उसी मामले में गब्बर सिंह जेल भी जा चुका है। इसके बावजूद वह आए दिन ग्रामीणों से विवाद कर दबंगई दिखाता है।
पीड़ित का आरोप है कि गब्बर सिंह ने खुलेआम धमकी दी थी, “अगर अगली बार खेत पर गए तो बुरी तरह मारेंगे, खेती नहीं करने देंगे, जो करना है कर लो।” इससे वह और उसका परिवार भय के माहौल में जी रहा है।
पीड़ित ने उप जिलाधिकारी से मांग की है कि न्यायालय एवं प्रशासन के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराया जाए, मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button