मथुरा

मथुरा में काॅलेजों के पास नशे का कारोबार, सो रहे जिम्मेदार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। शिक्षण संस्थानों के आसपास का माहौल सुरक्षित और नशामुक्त रखने के लिए शिक्षा मंत्रालय ने 500 मीटर के दायरे को नशामुक्त क्षेत्र घोषित कर रखा है। नौ मई को जारी आदेश के बावजूद शहर में इस नियम का पालन नहीं हो रहा है। शहर के कुछ स्कूल-कॉलेजों के पास खुलेआम शराब, गुटखा, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों की दुकानें सज रही हैं। शनिवार को पड़ताल में सामने आया कि विद्यार्थी रोजाना इन दुकानों के सामने से गुजरने को मजबूर हैं, जहां उन्हें नशेड़ियों के जमावड़े और अवांछित तत्वों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन समय-समय पर कार्रवाई के दावे तो करता है लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस है। अभिभावकों और शिक्षकों ने मांग की है कि 500 मीटर के दायरे में नियम का सख्ती से पालन कराया जाए ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके। वीडीपी राजकीय इंटर कॉलेज के पास ठेका वीडीपी राजकीय इंटर कॉलेज से महज 300 मीटर की दूरी पर शराब और तंबाकू की दुकानें संचालित हो रही हैं। स्कूल आने-जाने वाले मासूम बच्चों को रोजाना अवांछित तत्वों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनके मन में असुरक्षा का भाव पैदा हो रहा है। सदर क्षेत्र स्थित ब्लैक स्टोन इंटर कॉलेज से मात्र 200 मीटर की दूरी पर शराब की दुकान खुली हुई है। दिनभर यहां लगने वाले नशेड़ियों के मजमे से शैक्षणिक माहौल पूरी तरह प्रभावित हो रहा है और विद्यार्थियों की पढ़ाई में बाधा आ रही है। अनुपम मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया, सर्वे करके ऐसी दुकानों को चिह्नित किया जा रहा है। सर्वे कार्य पूरा होने के बाद विद्यालयों के आसपास स्थित शराब, सिगरेट और पान-मसाले की दुकानों पर कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button